'मुझे कोई कास्ट क्यों करेगा?' इलाज से थकीं दीपिका कक्कड़, शोएब के साथ म्यूजिक वीडियो से करेंगी वापसी

टीवी एक्ट्रेस दीपिका कक्कड़ लंबे इलाज के बाद अब काम पर लौटने की कोशिश कर रही हैं। हालांकि, करियर को लेकर उनके मन में कई सवाल हैं। दीपिका ने पति शोएब इब्राहिम के साथ म्यूजिक वीडियो करने की बात कही और बताया कि उन्हें डर लगता है कि शायद अब कोई उन्हें काम के लिए कास्ट क्यों करेगा।

By ·

दीपिका कक्कड़ की टीवी की दुनिया में वापसी को लेकर फैंस लंबे समय से इंतजार कर रहे हैं। अब एक्ट्रेस ने खुद अपने काम और सेहत को लेकर ऐसा खुलासा किया है, जिसने उनके चाहने वालों को भावुक कर दिया। लंबे इलाज के बीच दीपिका ने माना कि फिलहाल उनके लिए डेली सोप करना आसान नहीं है।

'मुझे कोई कास्ट क्यों करेगा?'

दीपिका ने अपने हालिया व्लॉग में काम पर लौटने की बात करते हुए कहा कि उनकी मौजूदा स्थिति को देखते हुए वह रोजाना चलने वाला टीवी शो नहीं कर पाएंगी। उन्होंने यह भी सवाल किया कि आखिर इलाज के दौरान कोई उन्हें कास्ट क्यों करेगा। हालांकि, उन्होंने इसे लेकर किसी तरह की शिकायत नहीं जताई और कहा कि इलाज के दौरान साइड इफेक्ट्स होना स्वाभाविक है।

एक्ट्रेस का कहना है कि डेली सोप में लगातार शूटिंग और लंबे समय तक सेट पर रहना पड़ता है, जिसे वह इस समय मैनेज नहीं कर सकतीं। इसके मुकाबले एक दिन में पूरा होने वाला प्रोजेक्ट उनके लिए ज्यादा सुविधाजनक है। इसी वजह से उन्होंने पति शोएब इब्राहिम के साथ म्यूजिक वीडियो करने का फैसला किया है।

शोएब के साथ फिर दिखेगा कपल का रोमांस

इस म्यूजिक वीडियो के लिए दीपिका रिहर्सल भी कर रही हैं। उन्होंने बताया कि गाने में बहुत ज्यादा नहीं, बल्कि हल्का-फुल्का डांस होगा। एक दिन की शूटिंग और सीमित काम के कारण वह इसे अपनी मौजूदा स्थिति में संभाल सकती हैं।

खास बात यह है कि दीपिका और शोएब पहले भी म्यूजिक वीडियो में साथ नजर आ चुके हैं। दोनों की ऑनस्क्रीन केमिस्ट्री को दर्शकों ने पसंद किया है और साल 2022 में वे 'रब ने मिला दी धड़कन' में साथ दिखाई दिए थे।

दीपिका ने साल 2025 में अपने लिवर में ट्यूमर और उसके इलाज के बारे में सार्वजनिक रूप से जानकारी दी थी। इसके बाद से वह अपनी हेल्थ जर्नी के बारे में समय-समय पर फैंस को अपडेट देती रही हैं।

अब म्यूजिक वीडियो के जरिए उनका यह कदम उनके लिए धीरे-धीरे काम की दुनिया में लौटने की कोशिश के तौर पर सामने आया है।

Hindi Behind Talkies AMP · त्वरित दृश्य
पूरा लेख देखें