बिग बॉस 20: ट्रोलर्स को सलमान की फटकार पर रानी चटर्जी का रिएक्शन, बोलीं- ‘एक दिल है, कितनी बार जीतोगे’
सलमान खान ने ‘बिग बॉस 20’ में ट्रोलर्स को जमकर फटकार लगाई, तो भोजपुरी एक्ट्रेस रानी चटर्जी उनके समर्थन में उतर आईं। एक्ट्रेस ने सलमान की तारीफ करते हुए सोशल मीडिया पर प्यार लुटाया और कहा- ‘एक ही दिल है, कितनी बार जीतोगे।’
सलमान खान के ‘बिग बॉस 20’ के हालिया ‘वीकेंड का वार’ एपिसोड में दिए गए बयान अब सोशल मीडिया पर चर्चा का बड़ा विषय बने हुए हैं। सलमान ने महिलाओं की बॉडी शेमिंग, ट्रोलिंग और पैपराजी के अनुचित फोटो-वीडियो एंगल पर खुलकर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने सवाल उठाया कि किसी महिला के शरीर, उम्र या निजी जिंदगी को निशाना बनाकर कंटेंट बनाना आखिर कितना सही है।
ट्रोलर्स पर जमकर बरसे सलमान खान
एपिसोड में सलमान ने खास तौर पर उन लोगों को फटकार लगाई, जो अभिनेत्रियों के वजन और लुक्स को लेकर सोशल मीडिया पर भद्दे कमेंट करते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि किसी महिला की तस्वीर को गलत एंगल से शूट करना और फिर उसे सनसनीखेज कैप्शन के साथ पेश करना ठीक नहीं है। सलमान ने महिलाओं से ऐसे व्यवहार का विरोध करने की बात भी कही।
रानी चटर्जी ने किया सलमान का समर्थन
सलमान के इस अंदाज पर भोजपुरी एक्ट्रेस रानी चटर्जी ने सोशल मीडिया के जरिए अपना समर्थन जताया। उन्होंने सलमान के वीडियो शेयर करते हुए उनकी तारीफ की और लिखा, ‘एक ही दिल है, कितनी बार जीतोगे!’ रानी ने कहा कि सलमान ने उन महिलाओं के लिए आवाज उठाई है, जो लगातार ट्रोलिंग, बॉडी शेमिंग और एज शेमिंग का सामना करती हैं।
भोजपुरी एक्ट्रेसेज को लेकर भी बोलीं रानी
रानी ने अपने अनुभव का जिक्र करते हुए कहा कि भोजपुरी इंडस्ट्री में अभिनेत्रियों को अक्सर ट्रोलिंग का सामना करना पड़ता है और उन्हें अपने लिए खुद आवाज उठानी पड़ती है। उन्होंने यह भी कहा कि कई भोजपुरी अभिनेत्रियां बॉडी शेमिंग से लेकर चरित्र पर की जाने वाली टिप्पणियों तक का सामना करती हैं। रानी के मुताबिक, ऐसे मामलों में महिलाओं का समर्थन करना जरूरी है।
सलमान के बयान पर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं
जहां रानी चटर्जी समेत कई लोगों ने सलमान के रुख का समर्थन किया, वहीं उनकी बातों पर अलग प्रतिक्रिया भी सामने आई है। ‘बिग बॉस’ की पूर्व कंटेस्टेंट सोफिया हयात ने सलमान के बयान को लेकर उनकी आलोचना की और पुराने ‘बिग बॉस’ प्रसंग का हवाला दिया।
इस तरह ‘वीकेंड का वार’ का यह मुद्दा सिर्फ शो तक सीमित नहीं रहा, बल्कि सोशल मीडिया पर महिलाओं की ऑनलाइन ट्रोलिंग और उनके सम्मान को लेकर भी बहस छेड़ गया है।