नेहा की टी-शर्ट पर उर्दू में लिखा था ‘अल्लाह, रसूल, मुहम्मद’, अर्जुन बिजलानी ने मांगी माफी, छिड़ी बहस
टीवी एक्टर अर्जुन बिजलानी अपनी पत्नी नेहा की टी-शर्ट को लेकर चर्चा में आ गए हैं। टी-शर्ट पर उर्दू में ‘अल्लाह, रसूल, मुहम्मद’ लिखा होने के बाद विवाद शुरू हो गया। इसके बाद अर्जुन ने धर्म के ठेकेदारों से माफी मांगते हुए अपनी बात रखी। उनके बयान ने सोशल मीडिया पर नई बहस छेड़ दी है।
नेहा की टी-शर्ट पर उर्दू में लिखा था ‘अल्लाह, रसूल, मुहम्मद’, अर्जुन बिजलानी ने मांगी माफी, छिड़ी बहस
टीवी इंडस्ट्री के मशहूर अभिनेता अर्जुन बिजलानी और उनकी पत्नी नेहा स्वामी इन दिनों एक टी-शर्ट को लेकर विवादों में हैं। नेहा की टी-शर्ट पर उर्दू में लिखे धार्मिक शब्दों को लेकर सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई। मामला बढ़ने के बाद अर्जुन ने पत्नी का बचाव करते हुए सफाई दी और अनजाने में हुई गलती के लिए माफी मांगी। साथ ही उन्होंने नेहा को निशाना बनाने वाले लोगों से संवेदनशीलता बरतने की अपील की।
बैंकॉक में फैन ने गिफ्ट की थी टी-शर्ट
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह पूरा विवाद तब शुरू हुआ, जब नेहा स्वामी मुंबई में अभिनेता कुणाल वर्मा और पूजा बनर्जी के बेटे की बर्थडे पार्टी में पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने कार्टून डिजाइन वाली टी-शर्ट पहनी थी, जिस पर ‘अल्लाह’, ‘रसूल’ और ‘मुहम्मद’ जैसे नाम लिखे नजर आए। तस्वीरें सामने आने के बाद कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने इस पर आपत्ति जताई।
अर्जुन ने सफाई देते हुए क्या कहा?
विवाद बढ़ने के बाद अर्जुन बिजलानी ने इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए अपना पक्ष रखा। उन्होंने स्पष्ट किया कि नेहा को टी-शर्ट पर लिखे शब्दों के अर्थ और उनके धार्मिक महत्व की जानकारी नहीं थी। अर्जुन के अनुसार, बैंकॉक के एक मॉल में एक फैन ने उन्हें यह टी-शर्ट गिफ्ट की थी। उस समय दोनों को नहीं पता था कि उस पर क्या लिखा है।
कपल ने अपने बयान में कहा कि वे सभी धर्मों, आस्थाओं और मान्यताओं का सम्मान करते हैं। किसी की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाना उनका मकसद नहीं था। उन्होंने अनजाने में हुई इस घटना के लिए खेद जताया और भविष्य में मिलने वाले गिफ्ट को लेकर अधिक सावधानी बरतने की बात कही।
ट्रोलिंग और धमकियों पर भी जताई नाराजगी
अर्जुन ने अपने बयान में नेहा के खिलाफ हो रही ऑनलाइन ट्रोलिंग, गाली-गलौज और धमकियों को भी गलत बताया। उन्होंने कहा कि जानकारी की कमी से हुई किसी घटना को किसी व्यक्ति को परेशान करने का आधार नहीं बनाना चाहिए। उन्होंने लोगों से नफरत फैलाने के बजाय समझदारी, संवेदनशीलता और आपसी सम्मान के साथ मामला देखने की अपील की।
इस पूरे विवाद ने सोशल मीडिया पर धार्मिक भावनाओं और ऑनलाइन व्यवहार को लेकर बहस छेड़ दी है। अर्जुन की सफाई के बाद अब चर्चा इस बात पर भी है कि किसी अनजाने मामले पर प्रतिक्रिया देते समय संयम और संवेदनशीलता कितनी जरूरी है।