अनुपम खेर ने नेट वर्थ के ₹500 करोड़ के दावों पर तोड़ी चुप्पी, बोले- एक घर था, वो भी आलिया को बेच दिया!
बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता अनुपम खेर ने अपनी नेट वर्थ को लेकर इंटरनेट पर चल रहे करोड़ों रुपये के दावों पर चुटकी ली है। उन्होंने साफ कहा कि उनके पास 500 करोड़ रुपये का 10 फीसदी हिस्सा भी नहीं है। साथ ही एक्टर ने खुलासा किया कि उनके पास एक ही घर था, जिसे उन्होंने आलिया भट्ट को बेच दिया। उनके इस बयान ने सबका ध्यान खींच लिया है।
अनुपम खेर ने नेट वर्थ के ₹500 करोड़ के दावों पर तोड़ी चुप्पी, बोले- एक घर था, वो भी आलिया को बेच दिया!
बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता अनुपम खेर इन दिनों अपनी संपत्ति और नेट वर्थ को लेकर दिए गए बयान के चलते सुर्खियों में हैं। करीब चार दशक से ज्यादा समय से फिल्म इंडस्ट्री में सक्रिय अनुपम ने 500 से ज्यादा फिल्मों में काम करके अपनी अलग पहचान बनाई है। हालांकि, इंटरनेट पर उनकी संपत्ति को लेकर किए जा रहे करोड़ों रुपये के दावों ने खुद अभिनेता को हैरान कर दिया है। अब उन्होंने इन खबरों पर खुलकर अपनी प्रतिक्रिया दी है।
नेट वर्थ के दावों पर क्या बोले अनुपम खेर?
हाल ही में 'द अनफिल्टर्ड आवर' को दिए इंटरव्यू में अनुपम खेर ने बताया कि इंटरनेट पर उनकी नेट वर्थ 400 से 500 करोड़ रुपये बताई जाती है, जबकि वास्तविकता इससे बिल्कुल अलग है। अभिनेता ने इन आंकड़ों पर तंज कसते हुए कहा कि उनके पास बताई जा रही रकम का 10 फीसदी हिस्सा भी नहीं है। उन्होंने मजाकिया अंदाज में यह भी कहा कि कभी-कभी उनका मन करता है कि ऐसे दावे करने वालों पर मुकदमा कर दें।
अनुपम के मुताबिक, उनके दोस्त भी इंटरनेट पर उनकी कथित संपत्ति के आंकड़े पढ़कर उनसे मजाक करते हैं और कहते हैं कि उन्हें भी इस रकम में से कुछ पैसे दे दें।
आलिया भट्ट को बेच दिया था अपना घर
इंटरव्यू में अभिनेता ने अपनी प्रॉपर्टी और निजी जिंदगी से जुड़ा दिलचस्प किस्सा भी साझा किया। उन्होंने बताया कि मुंबई में उनका एक घर था, जिसे उन्होंने अभिनेत्री आलिया भट्ट को बेच दिया था। इसके बाद वह दूसरे घर में शिफ्ट हो गए। उसी दौरान उनकी पत्नी किरण खेर सांसद बन गई थीं और चंडीगढ़ चली गई थीं। ऐसे में अनुपम ने मुंबई में दूसरा घर खरीदने के बजाय किराए के अपार्टमेंट में रहने का फैसला किया।
किराए के घर में रहकर भी पसंद है लग्जरी लाइफ
अनुपम ने बताया कि करीब 10 साल पहले लिया गया यह फैसला उन्हें काफी आजादी देता है। वह और उनके भाई किराए के घर में रहते हुए खुश हैं। हालांकि, इसका मतलब यह नहीं कि उन्होंने अपने आराम से समझौता किया है। उन्हें अच्छे रेस्टोरेंट में खाना, आरामदायक सफर और बेहतरीन होटलों में ठहरना आज भी पसंद है।
मां के लिए खरीदा था शिमला में आलीशान घर
अभिनेता ने बताया कि उन्होंने अपनी मां के लिए शिमला में आठ बेडरूम वाला घर खरीदा था। उनकी मां 60 साल तक किराए के मकान में रही थीं और अपना घर चाहती थीं। अनुपम का मानना है कि जिंदगी में जरूरत से ज्यादा संपत्ति जोड़ने के बजाय मानसिक शांति और अपनों की खुशियां ज्यादा मायने रखती हैं।