ऐश्वर्या को याद आई ‘हम दिल दे चुके सनम’ में सलमान के लिए बनी नंदिनी, बोलीं- मैं बहुत शुक्रगुजार हूं कि…

बॉलीवुड एक्ट्रेस ऐश्वर्या राय बच्चन (Aishwarya Rai Bachchan) आज किसी पहचान की मोहताज नहीं हैं। ऐश्वर्या ने अपनी हर फिल्म में शानदार किरदार निभाकर सभी का दिल जीत लिया है। ऐश्वर्या के जिस किरदार को सबसे ज्यादा पसंद किया जाता है, वो है नंदिनी। फिल्म ‘हम दिल दे चुके सनम' में ऐश

By Aayushi Sharma · 26/4/2023

बॉलीवुड एक्ट्रेस ऐश्वर्या राय बच्चन (Aishwarya Rai Bachchan) आज किसी पहचान की मोहताज नहीं हैं। ऐश्वर्या ने अपनी हर फिल्म में शानदार किरदार निभाकर सभी का दिल जीत लिया है। ऐश्वर्या के जिस किरदार को सबसे ज्यादा पसंद किया जाता है, वो है नंदिनी। फिल्म ‘हम दिल दे चुके सनम’ में ऐश्वर्या ने नंदिनी का किरदार निभाया था। हाल ही में एक इवेंट के दौरान ऐश्वर्या ने अपने इस किरदार को याद किया है।

दरअसल, ऐश्वर्या जल्द ही डायरेक्टर मणिरत्नम की फिल्म ‘पोन्नियिन सेल्वन 2’ में नजर आने वाली हैं। इन दिनों ऐश्वर्या अपनी इस आगामी फिल्म के प्रमोशन में व्यस्त चल रही हैं। एक प्रमोशन इवेंट में ऐश्वर्या ने मीडिया के तमाम सवालों के जवाब दिए। जिसमें से एक सवाल ‘हम दिल दे चुके सनम’ से जुड़ा था। दिलचस्प बात यह है कि अपनी आने वाली फिल्म ‘पोन्नियिन सेलवन 2’ में भी ऐश्वर्या ‘नंदिनी’ नाम का किरदार निभा रही हैं। ऐश्वर्या ने अपनी दोनों ही बड़ी फिल्मों में एक ही नाम होने पर इसे खूबसूरत इत्तेफाक बताया और कहा यह अद्भुत है कि ऐसा हुआ।

प्रमोशन के दौरान ऐश्वर्या राय ने मीडिया के सवाल का जवाब देते हुए कहा, ‘क्या संयोग है। यह कितनी बढ़िया बात है, ना? यहां तक कि हम दिल दे चुके सनम की नंदिनी भी बहुत यादगार रही थी। वह दर्शकों के लिए और निश्चित रूप से मेरे लिए भी खास बनी रहीं। मेरी वह फिल्म संजय लीला भंसाली जी के साथ थी। वो नंदिनी लोगों के दिलों में बसी हैं, और मैं बहुत शुक्रगुजार हूं कि मुझे तब भी नंदिनी का किरदार निभाने का मौका मिला।’

ऐश्वर्या ने अपनी बात को खत्म करते हुए कहा कि, ‘अब मणिरत्नम के साथ उन्हें ‘पोन्नियिन सेलवन’ में ‘नंदिनी’ का किरदार निभाने का मौका मिला। यह एक आशीर्वाद है कि उन्हें इतनी मजबूत महिला की भूमिका निभाने का अवसर मिला, जिसने कई महिलाओं के जीवन को छुआ। इसके लिए मैं बहुत आभारी हूं।’

बता दें पिछले साल ही ‘पोन्नियिन सेल्वन’ का पहला पार्ट रिलीज हुआ था, जो जबरदस्त हिट रहा था। अब इसका अगला पार्ट रिलीज होने को पूरी तरह से तैयार है। ‘पोन्नियिन सेलवन 2’ 28 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। इस फिल्म में ऐश्वर्या के साथ चियान विक्रम, कार्ति, जयराम रवि और तृष्णा कृष्णन जैसे कई मुख्य कलाकार हैं।

Hindi Behind Talkies AMP · Quick view
View full