‘तेरा कुत्ता टॉमी?’ कंगना रनौत का 9 साल पुराना रक्षा बंधन ऐड देख भड़कीं कुनिका सदानंद, बोलीं- ‘गजब पाखंड!’
कंगना रनौत के 9 साल पुराने रक्षा बंधन ऐड ने एक बार फिर सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है। कृति सेनन के विज्ञापन पर कंगना की टिप्पणी के बीच सामने आए इस पुराने ऐड को लेकर कुनिका सदानंद ने उन पर तंज कसा और ‘गजब पाखंड’ कहा। इसके बाद यूजर्स के बीच भी बहस छिड़ गई।
बॉलीवुड एक्ट्रेस और बीजेपी सांसद कंगना रनौत एक बार फिर अपने बयान को लेकर सुर्खियों में हैं। इस बार मामला उनके किसी नए बयान का नहीं, बल्कि करीब 9 साल पुराने एक रक्षा बंधन विज्ञापन का है। कंगना के पुराने ऐड की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद एक्ट्रेस कुनिका सदानंद ने उन पर तंज कसा है।
दरअसल, यह पूरा विवाद कृति सेनन के हालिया रक्षा बंधन विज्ञापन से शुरू हुआ। ज्वेलरी ब्रांड GIVA के इस ऐड में कृति ब्रालेट-स्टाइल ब्लाउज, केप और ड्रेप्ड स्कर्ट में नजर आई थीं। साथ ही विज्ञापन में वह एक डॉग को राखी बांधती दिखाई दी थीं। कंगना ने कृति के पहनावे पर सवाल उठाते हुए पूछा था कि आज महिलाओं के पास इतने विकल्प होने के बावजूद रक्षा बंधन जैसे त्योहार पर इस तरह के कपड़े पहनने की क्या जरूरत है।
कंगना की इसी टिप्पणी के बीच सोशल मीडिया यूजर्स ने उनका पुराना रक्षा बंधन विज्ञापन खोज निकाला। यह विज्ञापन ज्वेलरी ब्रांड नक्षत्र के लिए था, जिसमें कंगना ऑफ-व्हाइट रंग की स्ट्रैपलेस और डीप नेकलाइन वाली ड्रेस में नजर आई थीं। पुरानी तस्वीर सामने आते ही यूजर्स ने कंगना की उस समय की ड्रेस और कृति के विज्ञापन पर की गई उनकी टिप्पणी की तुलना शुरू कर दी।
मामले में कुनिका सदानंद ने भी एंट्री मारी। उन्होंने वायरल पोस्ट को शेयर करते हुए लिखा, “मेरा कुत्ता कुत्ता, तेरा कुत्ता टॉमी???” उनका यह तंज देखते ही देखते चर्चा का विषय बन गया। कई यूजर्स ने भी कंगना पर कथित दोहरे मापदंड को लेकर निशाना साधा और इसे ‘पाखंड’ बताया।
उधर, कृति सेनन ने भी बिना किसी का नाम लिए कहा था कि संस्कृति और परंपराएं किसी महिला की नेकलाइन में नहीं, बल्कि उसके दिल और भावनाओं में होती हैं। उनकी बहन नुपूर सेनन ने भी कृति का समर्थन किया था। विवाद बढ़ने के बाद GIVA ने अपना रक्षा बंधन विज्ञापन हटा दिया और सफाई भी जारी की।