उत्तराखंड में टैक्स फ्री हुई ‘हनुमान अंश’, CM धामी बोले- फिल्म से नीम करौली बाबा को जानने का मिला मौका, कैंची
नीम करौली बाबा की जिंदगी और हनुमान भक्ति पर बनी ‘हनुमान अंश’ को उत्तराखंड में टैक्स फ्री कर दिया गया है। फिल्म देखने के बाद CM पुष्कर सिंह धामी ने इसकी तारीफ की और कहा कि इससे उन्हें बाबा के जीवन व संदेश को जानने का अवसर मिला।
उत्तराखंड में टैक्स फ्री हुई ‘हनुमान अंश’, CM धामी बोले- फिल्म से नीम करौली बाबा को जानने का मिला मौका
नीम करौली बाबा के जीवन, उनकी हनुमान भक्ति और आध्यात्मिक संदेश पर बनी फिल्म ‘हनुमान अंश’ इन दिनों लगातार सुर्खियों में है। बॉक्स ऑफिस पर दर्शकों से मिल रहे प्यार के बीच फिल्म को अब उत्तराखंड सरकार से भी बड़ा सम्मान मिला है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने फिल्म को उत्तराखंड में टैक्स फ्री करने की घोषणा की है।
दरअसल, मुख्यमंत्री धामी ने शुक्रवार को देहरादून के हाथीबड़कला स्थित सेंट्रियो मॉल के सिनेमा हॉल में ‘हनुमान अंश’ देखी। इस दौरान उनके साथ उनकी पत्नी गीता धामी, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी और विधायक प्रदीप बत्रा समेत अन्य लोग मौजूद रहे। फिल्म देखने के बाद मुख्यमंत्री ने इसकी कहानी और नीम करौली बाबा के जीवन से जुड़े आध्यात्मिक संदेश की सराहना की।
सीएम धामी ने कहा कि भारत की संत परंपरा हमेशा समाज को सत्य, सेवा, करुणा और आध्यात्मिकता का रास्ता दिखाती रही है। नीम करौली बाबा का जीवन भी इसी परंपरा का प्रेरणादायी उदाहरण है। उनकी भक्ति, मानव सेवा और सभी के प्रति प्रेम का संदेश आज भी उतना ही प्रासंगिक है और समाज को सकारात्मक दिशा देने की क्षमता रखता है।
फिल्म का उत्तराखंड से खास रिश्ता भी है। नैनीताल के पास स्थित कैंची धाम नीम करौली बाबा की आध्यात्मिक विरासत से जुड़ा प्रमुख स्थान है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कैंची धाम आज देश ही नहीं, बल्कि दुनिया भर के श्रद्धालुओं के लिए आस्था का प्रमुख केंद्र बन चुका है। ऐसे में ‘हनुमान अंश’ के जरिए बाबा के जीवन और उनके विचारों को बड़े पर्दे पर दिखाना उत्तराखंड की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत को व्यापक पहचान देने वाला कदम माना जा रहा है।
दिलचस्प बात यह है कि फिल्म की बॉक्स ऑफिस यात्रा भी काफी चर्चा में है। कम बजट और सीमित प्रमोशन के बावजूद ‘हनुमान अंश’ ने दर्शकों के बीच मजबूत वर्ड-ऑफ-माउथ बनाया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म 100 करोड़ रुपये की कमाई के करीब पहुंच रही है। वहीं, फिल्म के निर्देशक विशाल चतुर्वेदी ने OTT प्लेटफॉर्म्स से मिले शुरुआती रिजेक्शन का भी जिक्र किया है। इसके बावजूद सिनेमाघरों में दर्शकों का रिस्पॉन्स फिल्म के लिए बड़ी कामयाबी बनकर सामने आया है।
उत्तराखंड में टैक्स फ्री होने के बाद फिल्म को राज्य में और दर्शक मिलने की उम्मीद है। साथ ही, ‘हनुमान अंश’ ने एक बार फिर यह चर्चा छेड़ दी है कि आध्यात्मिक और भारतीय संत परंपरा से जुड़ी कहानियां भी बिना बड़े स्टार सिस्टम के दर्शकों के दिल तक पहुंच सकती हैं।