इमरान हाशमी को हुआ स्वाइन फ्लू, शूटिंग से लौटते ही बिगड़ी तबीयत; H1N1 टेस्ट आया पॉजिटिव
शूटिंग से लौटने के बाद इमरान हाशमी की तबीयत बिगड़ गई। जांच में उनका H1N1 टेस्ट पॉजिटिव आया, जिसके बाद अभिनेता के स्वाइन फ्लू से संक्रमित होने की खबर सामने आई है।
बॉलीवुड अभिनेता इमरान हाशमी की तबीयत खराब होने की खबर ने उनके फैंस को चिंता में डाल दिया है। अभिनेता स्वाइन फ्लू यानी H1N1 वायरस की चपेट में आ गए हैं। उनकी टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद डॉक्टरों ने उन्हें आराम करने और जरूरी सावधानियां बरतने की सलाह दी है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इमरान हाशमी हाल ही में काम के सिलसिले में लगातार यात्रा कर रहे थे। वह शूटिंग के लिए रांची भी गए थे। वहां से लौटने के बाद उन्हें कुछ दिनों से अस्वस्थ महसूस हो रहा था। इसके बाद उन्होंने मेडिकल टेस्ट कराया, जिसकी रिपोर्ट में H1N1 संक्रमण की पुष्टि हुई।
इमरान की बीमारी की खबर ऐसे समय सामने आई है, जब अभिनेता अपनी हालिया फिल्म ‘आवारापन 2’ की सफलता को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म की बॉक्स ऑफिस कामयाबी के बीच उनकी सेहत से जुड़ा यह अपडेट फैंस के लिए चिंता का विषय बन गया है।
बीमारी के चलते इमरान हाशमी का बेंगलुरु में होने वाला लाइव इवेंट भी टाल दिया गया है। अभिनेता को 29 अगस्त को ‘द इमरान एरा’ नाम के कार्यक्रम में परफॉर्म करना था। रिपोर्ट्स के अनुसार, अब यह कार्यक्रम 12 सितंबर को आयोजित किया जाएगा। इमरान ने फैंस से माफी मांगते हुए भरोसा दिलाया कि शो रद्द नहीं हुआ है, बल्कि सिर्फ स्थगित किया गया है।
अभिनेता ने अपनी हेल्थ को लेकर सोशल मीडिया पर भी अपडेट साझा किया और बताया कि वह इस वक्त काफी अस्वस्थ हैं। हालांकि, आराम और सावधानियों के साथ वह रिकवर कर रहे हैं।
फिलहाल फैंस इमरान हाशमी के जल्द स्वस्थ होने की दुआ कर रहे हैं। इमरान की टीम की ओर से उनकी स्थिति को लेकर किसी गंभीर जटिलता की जानकारी सामने नहीं आई है।