‘दृश्यम 3’ ने मचाया तहलका, 9 बजे तक 62 करोड़ पार, शाहरुख की ‘पठान’ का रिकॉर्ड किया ध्वस्त
अजय देवगन की ‘दृश्यम 3’ ने रिलीज के पहले दिन ही बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा दिया है। शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक फिल्म ने रात 9 बजे तक 62 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है। इसी के साथ फिल्म ने शाहरुख खान की ब्लॉकबस्टर ‘पठान’ के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ने का दावा किया जा रहा है।
अजय देवगन की ‘दृश्यम 3: द कन्क्लूजन’ ने 2 अक्टूबर को सिनेमाघरों में दस्तक देते ही बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त हलचल मचा दी है। विजय सलगांवकर की कहानी के इस आखिरी चैप्टर को लेकर रिलीज से पहले ही दर्शकों में जबरदस्त क्रेज था और एडवांस बुकिंग ने इसकी मजबूत शुरुआत के संकेत दे दिए थे। ट्रेड रिपोर्ट के मुताबिक फिल्म ने रिलीज से पहले ही भारत में करीब 27.92 करोड़ रुपये की एडवांस बुकिंग कर ली थी और 7.73 लाख टिकट बिके थे।
अब शुरुआती बॉक्स ऑफिस आंकड़े सामने आने के साथ फिल्म की रफ्तार और भी चर्चा में है। कुछ रिपोर्टों में रात 9 बजे तक फिल्म के करीब 62 करोड़ रुपये पार करने का दावा किया जा रहा है। हालांकि, दिन खत्म होने के बाद आने वाले अंतिम आंकड़े ही इसकी वास्तविक ओपनिंग को स्पष्ट करेंगे। टाइम्स ऑफ इंडिया ने भी पहले दिन फिल्म के 50 करोड़ रुपये नेट से ऊपर जाने की जानकारी दी है।
अगर 62 करोड़ रुपये का आंकड़ा अंतिम भारत नेट कलेक्शन के तौर पर कायम रहता है, तो ‘दृश्यम 3’ अजय देवगन के करियर की सबसे बड़ी ओपनिंग फिल्मों में शामिल हो जाएगी। रिलीज से पहले की रिपोर्टों में भी अनुमान लगाया गया था कि 50-60 करोड़ रुपये की ओपनिंग होने पर फिल्म शाहरुख खान की ‘पठान’ के 57 करोड़ रुपये के पहले दिन के कलेक्शन को पार कर सकती है।
दिलचस्प बात यह है कि ‘दृश्यम 3’ ने एडवांस बुकिंग के मामले में भी बड़ी फिल्मों को चुनौती दी। बॉक्स ऑफिस इंडिया के अनुसार, फिल्म करीब 27 करोड़ रुपये नेट की एडवांस बुकिंग के साथ ऐतिहासिक रूप से चौथे स्थान पर थी, जबकि ‘पठान’ करीब 24.25 करोड़ रुपये के साथ उसके पीछे थी।
अजय देवगन के साथ तब्बू, श्रिया सरन, जयदीप अहलावत और अन्य कलाकारों से सजी यह फिल्म अभिषेक पाठक ने निर्देशित की है। अब सबकी नजरें इसके फाइनल डे-1 कलेक्शन पर टिकी हैं, जिससे साफ होगा कि विजय सलगांवकर ने बॉक्स ऑफिस पर कितनी बड़ी बाजी मारी।