‘स्पिरिट’ विवाद में दीपिका का पलटवार, ‘मेल ईगो क्राइसिस’ पोस्ट लाइक; वांगा ब्रदर्स पर सेक्सिज्म के आरोप
दीपिका पादुकोण ने ‘स्पिरिट’ विवाद पर तोड़ी चुप्पी! वायरल पोस्ट को किया लाइक, ‘मेल ईगो क्राइसिस’ वाले बयान पर जताई सहमति
साउथ सुपरस्टार प्रभास की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘स्पिरिट’ इन दिनों अपनी कहानी या स्टारकास्ट से ज्यादा विवादों को लेकर चर्चा में है। फिल्म से दीपिका पादुकोण के बाहर होने के बाद अब यह मामला एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। प्रोड्यूसर प्रणय रेड्डी वांगा के 10 फीसदी प्रॉफिट शेयरिंग के दावे के बाद सोशल मीडिया पर बहस तेज हो गई है। इसी बीच दीपिका के एक सोशल मीडिया रिएक्शन ने सभी का ध्यान खींच लिया है।
दरअसल, दीपिका ने एक वायरल पोस्ट को लाइक किया है, जिसमें ‘स्पिरिट’ से उनके बाहर होने को लेकर वांगा ब्रदर्स पर सवाल उठाए गए हैं। इस पोस्ट में पूरे विवाद को ‘मेल ईगो क्राइसिस’ यानी पुरुष अहंकार से जुड़ा मामला बताया गया। दीपिका के इस पोस्ट को लाइक करने के बाद माना जा रहा है कि उन्होंने बिना सीधे बयान दिए अपनी प्रतिक्रिया जाहिर की है।
10 फीसदी प्रॉफिट शेयरिंग का दावा
विवाद तब और गहरा गया जब प्रोड्यूसर प्रणय रेड्डी वांगा ने कथित तौर पर कहा कि दीपिका के फिल्म से बाहर होने के पीछे सिर्फ फीस या दूसरी शर्तें वजह नहीं थीं। उनके मुताबिक, एक्ट्रेस ने फिल्म के मुनाफे में 10 फीसदी हिस्सेदारी की मांग की थी। इस दावे के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों के बीच अलग-अलग राय देखने को मिली।
कुछ यूजर्स ने दीपिका की मांग को गलत बताया, तो कुछ ने सवाल किया कि अगर बड़े पुरुष सितारे फिल्मों में प्रॉफिट शेयरिंग लेते हैं, तो एक अभिनेत्री की ऐसी मांग को लेकर इतना विवाद क्यों?
वायरल पोस्ट में वांगा ब्रदर्स पर निशाना
जिस पोस्ट को दीपिका ने लाइक किया, उसमें वांगा ब्रदर्स पर ‘मिसोजिनी’, ‘सेक्सिज्म’ और ‘मेल ईगो’ जैसे गंभीर आरोप लगाए गए। पोस्ट में यह भी सवाल किया गया कि दीपिका को नकारात्मक तरीके से क्यों पेश किया जा रहा है, जबकि पुरुष कलाकारों को मिलने वाली समान व्यावसायिक शर्तों की मांग करना किसी अभिनेत्री के लिए भी असामान्य नहीं होना चाहिए।
दीपिका ने इस पूरे विवाद पर अब तक कोई विस्तृत सार्वजनिक बयान नहीं दिया है। हालांकि, उनका यह सोशल मीडिया रिएक्शन चर्चा का विषय बन गया है। अब देखना दिलचस्प होगा कि ‘स्पिरिट’ से जुड़ा यह विवाद आने वाले दिनों में किस दिशा में जाता है और फिल्म की टीम इस पर क्या प्रतिक्रिया देती है।