भोजपुरी में ओरिजिनल मनोरंजन सामग्री का भयंकर अकाल, फिल्मों के बाद अब गानों की नकल शुरू

Akanksha Puri: गायक मीका सिंह के शो ‘स्वयंवर-मीका दी वोटी' के जरिए सुर्खियों आईं अभिनेत्री आकांक्षा पुरी ने अब भोजपुरी इंडस्ट्री में भी दस्तक दे दी है। गायक पवन सिंह के साथ उन्होंने भोजपुरी म्यूजिक वीडियो ‘तुझे ना देखूं तो चैन' किया है। ये वीडियो हिंदी फिल्म ‘रं

By Shaikh Almina · 30/9/2023

Akanksha Puri: गायक मीका सिंह के शो ‘स्वयंवर-मीका दी वोटी’ के जरिए सुर्खियों आईं अभिनेत्री आकांक्षा पुरी ने अब भोजपुरी इंडस्ट्री में भी दस्तक दे दी है। गायक पवन सिंह के साथ उन्होंने भोजपुरी म्यूजिक वीडियो ‘तुझे ना देखूं तो चैन’ किया है। ये वीडियो हिंदी फिल्म ‘रंग’ के सुपरहिट गीत ‘तुझे ना देखूं तो चैन’ का भोजपुरी वर्जन हैइस गीत को भोजपुरी और हिंदी में रिकॉर्ड किया गया है। मूल गीत की संगीत रचना नदीम श्रवण ने की थी, जिसे कुमार सानू और अलका याग्निक ने गाया था। वहीं इस गीत का भोजपुरी वर्जन पवन सिंह और कल्पना पटवारी ने गाया है।

म्यूजिक वीडियो ‘तुझे ना देखूं तो चैन’ में हालांकि पवन सिंह की आवाज दिल को छू लेने वाली है लेकिन गाना सुनते समय बार-बार कुमार सानू की याद आती रहती है। यही इस गाने में सबसे अखरने वाली बात भी है। यही नहीं उनके सुरों को ऑटो ट्यूनर से ठीक किया गया है, ये बात भी गाना सुनकर साफ समझ आती है। कल्पना पटवारी भी कोशिश तो बहुत करती दिखीं हैं, लेकिन अलका याग्निक के सुरों तक पहुंचना उनके भी बस की बात नहीं नजर आती। उनकी आवाज में जो देसीपन है, वह इस तरह के गानों पर फिट नहीं बैठता।

गाने के भोजपुरी म्यूजिक वीडियो में आकांक्षा पुरी ने पवन सिंह के साथ स्क्रीन साझा किया है। पवन सिंह को चाहने वालों का भोजपुरी मार्केट में अपना एक अलग तबका है और आकांक्षा पुरी की मौजूदगी इस वीडियो में सिर्फ लोगों को आकर्षित भर करने के लिए की गई है। दोनों की दैहिक भाषा का कोई मेल नजर नहीं आता और पूरे गाने में पवन सिंह व आकांक्षा का तारतम्य बार-बार बिगड़ता दिखता है। गाने की एडिटिंग गड़बड़ है और कोरियोग्राफी में भी कोई नया प्रयोग नहीं किया गया है।

हालांकि पवन सिंह कहते हैं, ‘यह गाना ‘तुझे ना देखूं तो चैन’ मेरे दिल के बहुत करीब है, और मेरा मानना है कि यह उन सभी को पसंद आएगा, जिन्होंने प्यार का अनुभव किया है।’ पवन सिंह के लिए ये गाना भले उनकी करियर की बड़ी उपलब्धि रही हो लेकिन छोटे परदे पर इतना नाम कमाने के बाद आकांक्षा पुरी का एक भोजपुरी वीडियो में काम करने उनके प्रशंसकों को भी समझ नहीं आ रहा।

आकांक्षा पुरी कहती हैं, ‘यह गाना प्यार की सच्ची भावनाओं का एक सुंदर चित्रण है। पवन सिंह के साथ इस प्रोजेक्ट पर काम करना वास्तव में एक मंत्रमुग्ध करने वाला अनुभव रहा।’ पवन सिंह के साथ काम करने को आकांक्षा पुरी अपने करियर की भले बड़ी उपलब्धि मान रही हों लेकिन ब्रांड एक्सपर्ट कहते हैं कि इस एक गाने ने उनकी ब्रांडिंग को एकदम से हल्का कर दिया है।

साल 2013 में तमिल फिल्म ‘एलेक्स पांडियन’ से अपना करियर शुरू करने वाली आकांक्षा ने हिंदी सिनेमा में अपने करियर की शुरुआत मधुर भंडारकर की फिल्म ‘कैलेंडर गर्ल्स’ से की थी। ‘विघ्नहर्ता गणेश’, ‘माता आदि पराशक्ति’ जैसे कई धारावाहिकों के अलावा वह ‘बिग बॉस’ में भी भाग ले चुकी हैं। और, ‘बिग बॉस’ में काम करने के बाद कलाकारों का करियर किस करवट बैठता है, ये बात भी अब किसी से छिपी नहीं है।

Hindi Behind Talkies AMP · Quick view
View full